मुरादाबाद। सूरज नगर, पीतल बस्ती, वार्ड संख्या 36, कल्याणपुर रोड पर रहने वाले करीब 350 गरीब परिवारों को बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने का मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया है। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर क्षेत्र में विद्युत खंभे लगवाने तथा पात्र परिवारों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की। मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने जिलाधिकारी को बताया कि क्षेत्र में करीब 350 परिवार पिछले कई वर्षों से निवास कर रहे हैं, लेकिन विद्युत खंभे नहीं होने के कारण उन्हें आज तक बिजली जैसी मूलभूत सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई सहित रोजमर्रा के कार्यों में परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग की ओर से खंभे लगाने के लिए एस्टीमेट की धनराशि जमा कराने की बात कही जा रही है। आर्थिक रूप से कमजोर इन परिवारों के लिए इतनी बड़ी धनराशि जमा करना संभव नहीं है। ऐसे में वर्षों से रह रहे गरीब परिवार बिजली की सुविधा से वंचित हैं। मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने जिलाधिकारी से जनहित में विशेष पहल करते हुए सूरज नगर, पीतल बस्ती, वार्ड संख्या 36, कल्याणपुर रोड पर आवश्यक विद्युत खंभे लगवाने तथा पात्र परिवारों को बिजली कनेक्शन और नियमित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिजली प्रत्येक परिवार की मूलभूत आवश्यकता है। गरीब परिवारों की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल कर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर दिया जाना चाहिए। इस अवसर पर मनोज तोमर, आनंदपाल सिंह, संतोष कुमार, शिवम शर्मा, अजय, अशोक, पीयूष ठाकुर, मेघ सिंह चौधरी, जतिन गुप्ता, कौशल सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।