• Mon. Nov 23rd, 2026

मुरादाबाद में 295 और जोड़ों के घर बसाएगी योगी सरकार, सामूहिक विवाह योजना का लक्ष्य होगा पूरा

26 और 28 नवंबर को दो भव्य आयोजनों में 295 जोड़े थामेंगे एक-दूसरे का हाथ, 897 जोड़ों के विवाह का वार्षिक लक्ष्य होगा शत-प्रतिशत पूरा।

मुरादाबाद, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से मुरादाबाद में 295 और जोड़ों के जीवन में नई खुशियां आने वाली हैं। आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह का सहारा बनी इस योजना के तहत जिले में 26 और 28 नवंबर को दो बड़े सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे।वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुरादाबाद जिले को 897 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक दो आयोजनों में 602 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जा चुका है। अब 26 नवंबर को 95 और 28 नवंबर को 200 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। इन दोनों आयोजनों के साथ ही जिले का निर्धारित वार्षिक लक्ष्य पूरा हो जाएगा।

दो स्थानों पर होंगे सामूहिक विवाह समारोह

जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग ने आगामी आयोजनों की तैयारियां पूरी कर ली हैं। 26 नवंबर को लाइनपार स्थित रामलीला मैदान में 95 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे, जबकि 28 नवंबर को रामपुर रोड स्थित आर्केडिया ग्रीन में 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा।

897 लाख के बजट में 535.28 लाख रुपये खर्च

योजना के तहत जिले को 897 जोड़ों के विवाह के लिए कुल 897 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। अब तक आयोजित दो कार्यक्रमों में 602 जोड़ों के विवाह पर 535.28 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। शेष 361.72 लाख रुपये की धनराशि आगामी आयोजनों के लिए उपलब्ध है। चार आयोजनों के माध्यम से जिले का पूरा वार्षिक लक्ष्य हासिल हो जाएगा।

जरूरतमंद परिवारों को मिल रहा सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर

योगी सरकार का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण बेटियों के विवाह में आने वाली कठिनाइयों को दूर करना और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराने का अवसर उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा जनपद में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार तक सरकारी योजना का लाभ पहुंच सके।

जिला समाज कल्याण अधिकारी का बयान

जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा वाजपेयी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ शासन की मंशा के अनुरूप पात्र परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है। अब तक दो कार्यक्रमों में 602 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है। आगामी 26 नवंबर को 95 और 28 नवंबर को 200 जोड़ों के विवाह की तैयारियां पूरी हैं। इन दोनों आयोजनों के साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 का निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *