संविधान के आदर्शों पर चलकर ही साकार होगा विकसित भारत का संकल्प, संविधान दिवस पर अधिवक्ताओं एवं देशवासियों को दी शुभकामनाएं
मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने संविधान दिवस के अवसर पर समस्त अधिवक्ताओं एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष और असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बाद भारत को अंग्रेजों की गुलामी से आजादी मिली। स्वतंत्रता के पश्चात देश के सामने एक सशक्त संविधान के निर्माण की चुनौती थी। ऐसे ऐतिहासिक अवसर पर संविधान प्रारूप समिति के अध्यक्ष भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपनी अद्वितीय विद्वत्ता, दूरदर्शिता और अथक परिश्रम से संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान अंगीकृत किया गया और 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। भारतीय संविधान महज नियमों और कानूनों का संकलन नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा तथा देश की एकता, अखंडता और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं कर्तव्यों का आधार है।मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों का सम्मान करते हुए अपने संवैधानिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।उन्होंने सभी से आह्वान किया कि संविधान का सम्मान करें, अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनें।इस अवसर पर महेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, रणवीर सिंह, सुहैल पाशा, शमशाद हुसैन, गौतम चौधरी, मुक्कायब पाशा, रवि शर्मा, कृष्णकांत, सूर्यकांत सक्सेना सहित अनेक गणमान्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

