• Thu. Nov 26th, 2026

योगी सरकार की सामूहिक विवाह योजना से 92 जोड़ों के जीवन में आई खुशियों की बहार

मुरादाबाद में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ सामूहिक विवाह समारोह, जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

28 नवंबर को आर्केडिया ग्रीन में 200 जोड़े लेंगे सात फेरे, जिले को मिला है 897 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य

मुरादाबाद, 26 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए खुशियों की सौगात बन रही है। योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह पूरे सम्मान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को लाइन पार स्थित रामलीला मैदान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 92 जोड़े विवाह बंधन में बंधकर नए जीवन की शुरुआत की।समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।

तीन आयोजनों में 694 जोड़ों का विवाह संपन्न

वित्तीय वर्ष 2026-27 में इससे पहले आयोजित दो सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में 602 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है। गुरुवार को 92 और जोड़ों के विवाह के साथ जिले में अब तक कुल 694 जोड़े इस योजना के माध्यम से नए वैवाहिक जीवन की शुरुआत कर चुके हैं।

जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

समारोह में सदस्य विधान परिषद जयपाल सिंह व्यस्त, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की संयोजिका अल्पना गुप्ता ने नवदंपतियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार प्रिया अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा वाजपेयी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

897 जोड़ों के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा मुरादाबाद

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शासन की ओर से मुरादाबाद जनपद को 897 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 897 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। अब तक 694 जोड़ों का विवाह संपन्न हो चुका है।

28 नवंबर को 200 जोड़े लेंगे सात फेरे

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अगला आयोजन 28 नवंबर को रामपुर रोड स्थित आर्केडिया ग्रीन में होगा, जहां 200 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा वाजपेयी ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पात्र परिवारों को योजना का लाभ पारदर्शिता और सम्मान के साथ उपलब्ध कराया जा रहा है। आगामी आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *