300 रुपये की दिहाड़ी के विवाद में ट्रिपल मर्डर, प्लंबर ने पेचकस से गोदकर तीन लोगों को उतारा मौत के घाट देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दिहाड़ी के महज 300 रुपये के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि प्लंबर राजकुमार ने भुगतान को लेकर हुए विवाद के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की पेचकस से गोदकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान रमेश कपूर, उनकी पत्नी रजनी कपूर और घरेलू सहायिका शीला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजकुमार के अनुसार, प्लंबर का काम करने के लिए उसकी दिहाड़ी 600 रुपये तय हुई थी, लेकिन काम के बाद दंपति ने उसे कथित तौर पर केवल 300 रुपये देने की बात कही। इसी भुगतान को लेकर उसके और परिवार के बीच विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद राजकुमार ने पेचकस से रमेश कपूर, उनकी पत्नी रजनी कपूर और घरेलू सहायिका शीला पर हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। मामूली रकम को लेकर हुए विवाद के इतने भयावह परिणाम ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे केवल दिहाड़ी का विवाद था या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी छिपा है।