• Tue. Nov 24th, 2026

अंतिम यात्रा के लिए बुक करें चार कंधे! अस्थि विसजन से लेकर श्रद्धा तक की व्यवस्था

महानगरों में जहां रिश्तों के लिए समय कम होता जा रहा है, वहीं अंतिम विदाई की व्यवस्था भी अब एक सेवा का रूप ले रही है। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में Moksh Voyage का स्टॉल लोगों को चौंका रहा है।यहां अंतिम यात्रा के लिए वाहन, चार कंधे, पंडित, अंतिम संस्कार की सामग्री से लेकर अस्थि विसर्जन तक की व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है। इस पहल के तहत अब तक 300 से अधिक लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।महानगरीय जीवन में रिश्तों के बदलते स्वरूप की तस्वीर कई बार बेहद असहज कर देती है। खुशियों के मौके पर बारातियों की संख्या कम होती जा रही है तो दुख की घड़ी में अंतिम यात्रा के लिए चार कंधे जुटाना भी परिवारों के सामने चुनौती बन रहा है।इसी बदलते सामाजिक परिवेश के बीच भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के हॉल नंबर 7A में Moksh Voyage का स्टॉल लोगों को रुककर सोचने पर मजबूर कर रहा है।अंतिम संस्कार से जुड़ी सेवाओं की जानकारी देखकर लोग पहले हैरान होते हैं, फिर इसकी जरूरत और व्यवस्था के बारे में पूछताछ करते हैं।नमो गंगे वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड की पहल Moksh Voyage दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कुछ शहरों में सेवाएं दे रही है। इसका उद्देश्य अपनों को खोने वाले परिवारों को अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं के बीच भागदौड़ से बचाना है।इस सेवा के तहत पार्थिव शरीर को घर से श्मशान तक ले जाने के लिए विशेष वाहन, अंतिम संस्कार की लकड़ी और अन्य सामग्री, पंडित, धार्मिक अनुष्ठान, फूलों की सजावट, अस्थि संग्रह और विसर्जन के लिए नाव व घाट की व्यवस्था जैसी सुविधाएं शामिल हैं।कंपनी के निदेशक विश्व कंदर्प के अनुसार, कई लोग अपने जीवनकाल में ही अंतिम विदाई की व्यवस्था के लिए पंजीयन करा रहे हैं। उनका कहना है कि इसके पीछे एक वजह यह भी है कि कई बुजुर्गों को लगता है कि उनके बच्चे उन पर ध्यान नहीं देते।इस पहल के पीछे सोच यह है कि परिवार पहले से व्यवस्था कर सके, ताकि किसी अपने के जाने के बाद असहनीय दुख के बीच इंतजामों की परेशानी न झेलनी पड़े।कंपनी के अनुसार, विदेश में मृत्यु होने पर पार्थिव शरीर को भारत लाने में भी सहायता दी जाती है। ब्रिटेन जैसे देशों में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में कई सप्ताह लगने की स्थिति में कंपनी पार्थिव शरीर को भारत लाने और आगे अस्थि संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग उपलब्ध कराती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *