मुरादाबाद। लगातार हुई बारिश के बाद महानगर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
मनोज कुमार गुप्ता ने नगर आयुक्त को मांग पत्र सौंपते हुए जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फॉगिंग, ब्लीचिंग पाउडर और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार तीन दिनों तक हुई भारी बारिश के कारण महानगर के कई निचले इलाकों में गंदा पानी जमा है, जिससे मच्छरों के पनपने की आशंका बढ़ गई है।
उन्होंने विशेष रूप से लाइनपार, जयंतीपुर, दस सराय, भदौरा, मीनाथेर और सीतापुरी समेत विभिन्न क्षेत्रों में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप का उल्लेख करते हुए कहा कि समय रहते रोकथाम के उपाय नहीं किए गए तो डेंगू और मलेरिया के मामलों में वृद्धि हो सकती है।
मनोज गुप्ता ने नगर निगम से मांग की कि जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल और नियमित फॉगिंग के साथ ब्लीचिंग पाउडर एवं प्रभावी कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम को सक्रियता के साथ अभियान चलाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुरादाबाद को स्वस्थ, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए जनहित में समयबद्ध कार्रवाई आवश्यक है।
इस अवसर पर नीरज शर्मा, राहुल राज रस्तोगी, योगेश बजाज, आरिफ, दीपक पंडित, शिवकुमार शर्मा, शंकर दत्त शर्मा, गुलशन बजाज, वीरेंद्र सैनी, कौशल कुमार, जतिन कुमार और कुणाल सिंह आदि मौजूद रहे।

