लखनऊ/सीतापुर। मुख्यमंत्री ने सोमवार को जनपद लखनऊ एवं सीतापुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित इलाकों में जलभराव और राहत-बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बक्शी का तालाब तहसील क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनका कुशल-क्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री भी वितरित की और प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ पूरी तत्परता से खड़ी है। प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाढ़ प्रभावितों की सुरक्षा, राहत और आवश्यक सुविधाओं को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।