मुरादाबाद। जनपद में लगातार हुई अत्यधिक बारिश से धान की फसल को हुए भारी नुकसान का मामला अब जिलाधिकारी के समक्ष पहुंच गया है। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने जिलाधिकारी से भेंट कर प्रभावित किसानों की फसल क्षति का तत्काल सर्वे कराकर उचित क्षतिपूर्ति एवं मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। मनोज कुमार गुप्ता ने जिलाधिकारी को सौंपे मांग पत्र में बताया कि मुरादाबाद जनपद सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार तीन दिनों तक हुई अत्यधिक वर्षा के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल को व्यापक नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर खेतों में पानी भरने और फसल गिरने से तैयार धान की फसल बर्बाद हो गई है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने विशेष रूप से लोदीपुर और जवाहर नगर क्षेत्र में किसानों की प्रभावित फसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि बारिश से अनेक किसानों को भारी क्षति हुई है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन द्वारा फसल क्षति का तत्काल सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे आर्थिक संकट से उबर सकें और आगामी फसल की बुवाई समय से कर सकें। मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि किसानों की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए उन्हें राहत दिलाना जरूरी है। अन्नदाता किसानों को किसी भी परिस्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए। इस दौरान अजीत बिश्नोई, कौशल सैनी, महेंद्र कुमार, जितेंद्र सिंह, प्रवीण कुमार, जतिन कुमार, मानसिंह सैनी, प्यारेलाल सहित अन्य किसान एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।