प्रयागराज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के प्रयागराज स्थित मुख्यालय परिसर से एक बेहद भावुक और दिल छू लेने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक पिता अपने बेटे को इंटरव्यू कक्ष में जाने से ठीक पहले तैयार करते और लाड़-प्यार से संवारते नजर आ रहे हैं।
यह कोई किसी फिल्म का काल्पनिक दृश्य नहीं, बल्कि आयोग परिसर में चल रहे PCS-2025 इंटरव्यू के दौरान ‘सरस्वती भवन’ के बाहर का एक सच्चा और वास्तविक नजारा है। अपने बच्चे के सपनों को उड़ान देने के लिए पिता का यह समर्पण देखकर हर कोई भावुक हो रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे पिता अपने बेटे के कपड़ों को ठीक कर रहे हैं, उसकी कॉलर और टाई संभाल रहे हैं और बड़ी ही आत्मीयता से उसका मनोबल बढ़ा रहे हैं। जीवन की इस सबसे बड़ी परीक्षा से ठीक पहले पिता का यह थपकी भरा दुलार और आशीर्वाद बेटे के लिए किसी सबसे बड़ी ताकत से कम नहीं है।
इस खूबसूरत पल को देखकर सोशल मीडिया यूज़र्स भी काफी भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। लोग कह रहे हैं— “जिस बेटे को पिता रूपी भगवान ने खुद सजाया और संवारा हो, उसकी जीत भला कैसे नहीं होगी?”
यह वायरल वीडियो न केवल एक पिता और पुत्र के अटूट रिश्ते की खूबसूरत मिसाल पेश करता है, बल्कि यह उन लाखों अभ्यर्थियों और उनके परिवारों के संघर्ष व उम्मीदों की भी बानगी है जो इस ऐतिहासिक परीक्षा का हिस्सा बनते हैं।