• Sat. Oct 3rd, 2026

न्याय के साथ संवेदनशीलता की मिसाल: कार तक पहुंचे जिला जज, 96 वर्षीय वृद्धा को अपने हाथों से सौंपा चेक


पीड़ित वृद्धा को न्याय देने पहली मंजिल से नीचे उतरे जज, कार के पास जाकर सौंपा चेक


दौसा। न्याय केवल फैसले सुनाने तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंद तक न्याय का लाभ पहुंचाना भी है—दौसा में जिला एवं सत्र न्यायाधीश केशव कौशिक ने संवेदनशीलता की ऐसी ही मिसाल पेश की।
सड़क दुर्घटना से जुड़े मुआवजा प्रकरण में 96 वर्षीय संपत्ति देवी शर्मा शारीरिक असमर्थता के कारण न्यायालय की पहली मंजिल तक नहीं पहुंच सकीं और अपनी कार में ही बैठी रहीं। यह देखते हुए न्यायाधीश स्वयं पहली मंजिल से नीचे उतरकर उनकी कार तक पहुंचे और जरूरी औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद उन्हें अवार्ड राशि का चेक अपने हाथों से सौंपा।
बताया गया कि राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ ने 6 मई 2026 को मामले में अवार्ड पारित किया था। इसके बाद बीमा कंपनी ने ब्याज सहित कुल 8 लाख 21 हजार 67 रुपये की राशि अधिकरण में जमा कराई। हाईकोर्ट के आदेश की पालना में यह राशि प्रार्थीगण के बैंक खातों में जमा कराने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रक्रिया के तहत 96 वर्षीय वृद्धा को भी अवार्ड राशि का चेक प्रदान किया गया। न्यायाधीश के स्वयं वृद्धा के पास पहुंचकर चेक सौंपने की पहल की मौजूद लोगों ने सराहना की। यह दृश्य न्यायिक प्रक्रिया में संवेदनशीलता, सम्मान और मानवीयता का संदेश देता नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *