• Sat. Oct 3rd, 2026

भारी बारिश से धान की फसल तबाह, किसानों की बढ़ी चिंता—मनोज कुमार गुप्ता ने खेतों में पहुंचकर लिया नुकसान का जायजा, डीएम से मिलकर मुआवजे की मांग का दिया भरोसा


मुरादाबाद। पिछले दिनों हुई अत्यधिक बारिश और खेतों में हुए जलभराव से धान की फसल को हुए भारी नुकसान का जायजा लेने के लिए भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने शनिवार को लोदीपुर जवाहर नगर क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित खेतों में पहुंचकर फसल की स्थिति का मौके पर निरीक्षण किया और किसानों से उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान खेतों में जलभराव के कारण धान की फसल को हुए नुकसान की स्थिति सामने आई। प्रभावित किसानों ने मनोज कुमार गुप्ता को अपनी फसल और आर्थिक नुकसान की जानकारी दी तथा राहत एवं मुआवजे की मांग रखी।
इस पर मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने किसानों को भरोसा दिलाया कि नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी सोमवार को जिलाधिकारी, मुरादाबाद से मुलाकात कर किसानों की समस्या उनके सामने रखी जाएगी। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर किसानों की समस्या को शासन स्तर तक भी पहुंचाया जाएगा, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि “किसान हमारे अन्नदाता हैं। संकट की इस घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उनकी समस्या को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।”
अत्यधिक वर्षा से प्रभावित किसानों में चेतराम सिंह, नन्हे, हरकली, नरेश, कालू सिंह, नैन सिंह, सुखराम, प्रेमपाल कंचन, प्रेमपाल, वीर सिंह, चंद्रावती, हरप्यारी, सुमंत्रा और अजय पाल सहित अन्य किसान शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *