धूप में परेशान बुजुर्ग महिला पर पड़ी एसपी सिटी की नजर, वाहन रुकवाकर अस्पताल पहुंचाया
कांवड़ यात्रा के बीच एसपी सिटी रणविजय सिंह ने पेश की मानवता की मिसाल, महिला को सुरक्षित TMU हॉस्पिटल भिजवाया
मुरादाबाद। सावन के अंतिम सोमवार को लेकर मुरादाबाद में कांवड़ यात्रा चरम पर है। बृजघाट से बड़ी संख्या में कांवड़िए शहर में प्रवेश कर रहे हैं। दिल्ली रोड स्थित गागन चौराहे पर कांवड़ियों की भारी भीड़ के चलते यातायात का दबाव बना हुआ है। इसी दौरान चौराहे पर एक बुजुर्ग महिला धूप में परेशान बैठी नजर आईं।
पीपलसाना, भोजपुर निवासी बुजुर्ग महिला को दवाई लेने के लिए तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) हॉस्पिटल जाना था, लेकिन कांवड़ियों की भीड़ और जाम के कारण उन्हें कोई साधन नहीं मिल पा रहा था। काफी देर तक महिला चौराहे पर बैठी वाहन का इंतजार करती रहीं।
उस समय गागन चौराहे पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे एसपी सिटी रणविजय सिंह की नजर महिला पर पड़ी। उन्होंने तत्काल स्थिति को समझते हुए मानवता का परिचय दिया और जाम के बीच एक वाहन रुकवाया। एसपी सिटी ने वाहन चालक से बुजुर्ग महिला को सुरक्षित TMU हॉस्पिटल पहुंचाने के लिए कहा।
एसपी सिटी की संवेदनशील पहल के बाद बुजुर्ग महिला को अस्पताल जाने के लिए वाहन मिल गया। पुलिस अधिकारी की इस पहल की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की। कांवड़ यात्रा जैसी व्यस्त परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था के साथ-साथ जरूरतमंद की मदद के लिए आगे आना पुलिस की मानवीय भूमिका को भी दर्शाता है।

