बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया, बोले—व्यवस्थाओं में कमी नहीं होनी चाहिए
जालौन। जवाहर नवोदय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय का बच्चों के प्रति आत्मीय अंदाज देखने को मिला। डीएम ने छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों के बीच पहुंचकर विद्यालय में पढ़ाई, रहन-सहन और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में सीधे संवाद कर फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने भोजन की गुणवत्ता को केवल पूछकर परखने के बजाय बच्चों के साथ बैठकर स्वयं भोजन किया। डीएम को अपने बीच बैठकर भोजन करते देख छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह नजर आया।
डीएम ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बच्चों की सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उनके इस सहज और आत्मीय व्यवहार ने बच्चों के साथ-साथ विद्यालय के स्टाफ पर भी सकारात्मक प्रभाव छोड़ा।

