• Sat. Aug 22nd, 2026

सम्मान और भावनाओं के बीच विदा हुए एसपी कृष्ण कुमार, कार्यकाल को बताया यादगार


सम्भल। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार के अन्य जनपद में स्थानांतरण के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन बहजोई में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी कुलदीप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत सहित क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने एसपी कृष्ण कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके नेतृत्व, मार्गदर्शन और कार्यशैली को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा जनोन्मुखी पुलिसिंग को लेकर किए गए प्रयास उल्लेखनीय रहे।
इस अवसर पर एसपी कृष्ण कुमार को स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। विदाई के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसपी कृष्ण कुमार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस सेवा में निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना ही सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से इसी भावना के साथ जनसेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य करते रहने का संदेश दिया।
विदाई समारोह के दौरान माहौल भावुक नजर आया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें नए कार्यक्षेत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *