मुरादाबाद। श्रावण माह के पावन अवसर पर नगर निगम मुरादाबाद ने कांवड़ियों के स्वागत और सम्मान के लिए दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर विशेष आयोजन किया। महापौर विनोद अग्रवाल, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और उनकी मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
जैसे ही कांवड़ियों का जत्था हाईवे से गुजरा, आधुनिक मशीनों के माध्यम से श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की गई। पुष्पवर्षा से पूरा कांवड़ मार्ग श्रद्धा और उत्साह से सराबोर नजर आया। कांवड़ियों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना की और स्वागत से उत्साहित दिखाई दिए।
नगर निगम की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया, जहां कांवड़ियों को भोजन एवं प्रसाद उपलब्ध कराया गया। आयोजन के दौरान नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए नगर निगम ने मार्ग पर विशेष साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की है। मार्गों की नियमित सफाई के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, आस्था और सेवा का पर्व है। नगर निगम का प्रयास है कि मुरादाबाद से गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़िया को बेहतर सुविधाएं मिलें और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। पुष्पवर्षा और भंडारे के माध्यम से श्रद्धालुओं के प्रति सम्मान और सेवा भावना का संदेश दिया गया है।
नगर निगम द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान स्वच्छता, सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।




