• Thu. Aug 20th, 2026

बोलती दीवारों’ से बच्चों को सीखने की नई राह दिखा रहा मोहम्मदपुर बस्तौर का विद्यालय


178 विद्यार्थियों का नामांकन, गतिविधि आधारित शिक्षण और सामुदायिक सहभागिता बनी विद्यालय की पहचान
मुरादाबाद। विकासखंड कुंदरकी के ग्राम मोहम्मदपुर बस्तौर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिषदीय शिक्षा में नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण की मिसाल पेश कर रहा है। विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 में 178 विद्यार्थियों का नामांकन है। आकर्षक शैक्षिक वातावरण, ‘बोलती दीवारें’ और गतिविधि आधारित शिक्षण बच्चों के लिए सीखने को रोचक और सहज बना रहे हैं।
प्रधानाध्यापक नरेश कुमार वर्मा ने बताया कि विद्यालय का समस्त स्टाफ बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए टीम भावना से निरंतर कार्य कर रहा है। कक्षा-कक्षों में टीएलएम का प्रयोग, बाल-केंद्रित शिक्षण, समूह आधारित गतिविधियां, सतत आकलन और आधुनिक शैक्षिक तकनीकों का प्रभावी इस्तेमाल किया जा रहा है।
नामांकन बढ़ाने को घर-घर पहुंच रहे शिक्षक
विद्यालय में बच्चों के नामांकन और ठहराव को बढ़ावा देने के लिए नामांकन मेले, रैली, घर-घर जनसंपर्क और नियमित शिक्षक-अभिभावक बैठकें आयोजित की जाती हैं। विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति से अभिभावकों को अवगत कराने के लिए उनकी हॉलिस्टिक डेवलपमेंट रिपोर्ट भी साझा की जाती है।
प्रधानाध्यापक स्वयं कक्षाओं में जाकर शिक्षण कार्य की समीक्षा करते हैं और शिक्षकों व विद्यार्थियों से शैक्षिक संवाद करते हैं। नियमित शिक्षक बैठकों, वार्षिक उत्सव और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने की व्यवस्था से बच्चों में आगे बढ़ने का उत्साह बढ़ाया जा रहा है।
पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य और खेल पर भी जोर
विद्यालय में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, पोषण और खेल गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। मध्याह्न भोजन में गुणवत्तापूर्ण सामग्री के प्रयोग के साथ निर्धारित अंतराल पर आयरन एवं एल्बेंडाजोल की गोलियां दी जाती हैं। खेल सामग्री उपलब्ध कराकर बच्चों को खेल गतिविधियों के लिए भी प्रोत्साहित किया जाता है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान और विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
अभिभावकों और बच्चों की भागीदारी
मासिक एसएमसी बैठक, बाल संसद, माता समूह और इको क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाती है। कक्षा-5 के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह और अभिभावक सम्मान समारोह भी आयोजित किए जाते हैं।
प्रधानाध्यापक नरेश कुमार वर्मा ने कहा कि विद्यालय का प्रत्येक शिक्षक बच्चों को बेहतर से बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, अनुशासन और सामुदायिक सहभागिता के समन्वय ने मोहम्मदपुर बस्तौर के प्राथमिक विद्यालय को क्षेत्र में अलग पहचान दिलाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *