महाकाल मंदिर मार्ग चौड़ीकरण में बाधक परचुरे भवन पर चला बुलडोजर
हाईकोर्ट से स्टे हटते ही प्रशासन की कार्रवाई, देर रात शुरू हुआ ध्वस्तीकरण
उज्जैन। महाकाल मंदिर के सामने सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे ‘परचुरे भवन’ पर नगर निगम और प्रशासन ने बुधवार देर रात बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। सावन माह में महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कार्रवाई रात करीब 11 बजे के बाद शुरू की गई, ताकि दिन के समय यातायात और दर्शन व्यवस्था प्रभावित न हो।
परचुरे भवन को लेकर पिछले करीब पांच वर्षों से न्यायालय में मामला चल रहा था। बुधवार को उच्च न्यायालय से स्टे हटने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। मौके पर नगर निगम एवं प्रशासन की टीम के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा। भवन को चरणबद्ध तरीके से ध्वस्त किया गया।
उज्जैन नगर निगम के अधीक्षण यंत्री प्रमोद मालवीय ने बताया कि भवन काफी जर्जर स्थिति में था और संबंधित पक्ष को पूर्व में भी नोटिस दिया जा चुका था। प्रशासन के अनुसार प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण योजना में यह भवन बाधक बना हुआ था। भवन हटने के बाद मार्ग को चौड़ा करने का कार्य आगे बढ़ सकेगा।

