मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार गुप्ता ने राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित, मुरादाबाद की शान एवं प्रख्यात शिल्पकार चिरंजी लाल यादव के आवास पर पहुंचकर उनका पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर हार्दिक अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि चिरंजी लाल यादव ने अपनी अद्भुत कला, अथक परिश्रम और समर्पण के बल पर न केवल मुरादाबाद, बल्कि पूरे देश का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित किया है। उनकी उत्कृष्ट कलाकृतियां देश-विदेश में सराही जा रही हैं और उन्होंने मुरादाबाद की विश्वविख्यात पीतल कला को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि श्री यादव की उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि दृढ़ संकल्प, लगन और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उनका संघर्ष और सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी प्रतिभा के माध्यम से देश और समाज का नाम रोशन करने की सीख देती है।
मनोज गुप्ता ने कहा कि आज पूरा विश्व चिरंजी लाल यादव की कला का सम्मान करता है और प्रत्येक मुरादाबादी उनके इस गौरवपूर्ण योगदान पर स्वयं को गर्वान्वित महसूस करता है। ऐसे प्रतिभाशाली शिल्पकार समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
राष्ट्रपति सम्मान से अलंकृत चिरंजी लाल यादव ने अपनी अद्भुत कला और अथक परिश्रम से मुरादाबाद की पीतल कला को वैश्विक पहचान दिलाई है। इस अवसर पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और सफल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी गईं।

