19 जुलाई को रेड सैफायर बैंक्विट हॉल में होगा विराट हिंदू विवाह सम्मेलन, 51 कन्याओं का सामूहिक विवाह एवं 251 युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन
मुरादाबाद। भारतीय संस्कृति रक्षा अभियान के बैनर तले दीनदयाल नगर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी 19 जुलाई 2026 को रेड सैफायर बैंक्विट हॉल में विराट हिंदू विवाह सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में बताया गया कि सम्मेलन के दौरान 51 कन्याओं का सामूहिक विवाह (कन्यादान) कराया जाएगा तथा 251 युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन भी आयोजित होगा। संस्था द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक गृहस्थी का सामान भी भेंट किया जाएगा। साथ ही समाजहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दानवीरों को ‘भामाशाह सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष श्री मनोज गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि आज भी समाज में अनेक ऐसे परिवार हैं जो आर्थिक रूप से अपने बच्चों का विवाह कराने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे परिवारों का सहयोग करना समाज का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि समाज समय रहते आगे नहीं आया तो भविष्य में सामाजिक संतुलन प्रभावित होने जैसी गंभीर परिस्थितियाँ उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए सनातन संस्कृति को सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभानी चाहिए।
संस्था के संस्थापक आचार्य धीर शांत दास जी ने कहा कि वर्तमान समय में हिंदू समाज के अनेक युवक-युवतियों में विवाह के प्रति अनिच्छा का वातावरण बनता जा रहा है, जो सनातन संस्कृति के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से आह्वान किया कि वह अपने आसपास के योग्य युवक-युवतियों को ऐसे परिचय सम्मेलनों के माध्यम से वैवाहिक संबंध स्थापित करने के लिए प्रेरित करे, जिससे परिवार, समाज और संस्कृति तीनों सशक्त हों।
बैठक में उपदेश अग्रवाल, रामजी गुप्ता, विनीत गुप्ता, अनिल सिक्का, तुलसीराम, धवल दीक्षित, राजेश रस्तोगी, सुधा शर्मा, दीपमाला सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

