• Mon. Jun 29th, 2026

बदायूं के ए.आर.टी.ओ. हरिओम सिंह फिरोजाबाद में ‘अनमोल रत्न’ सम्मान से हुए सम्मानित


फिरोजाबाद/बदायूं। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग में अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली, ईमानदार छवि और प्रशासनिक दक्षता के लिए चर्चित बदायूं के ए.आर.टी.ओ. (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम सिंह को फिरोजाबाद में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रतिष्ठित ‘अनमोल रत्न’ सम्मान से अलंकृत किया गया। यह सम्मान उन्हें सुहाग नगरी फिरोजाबाद के पालीवाल हॉल में आयोजित ‘नेटवर्क 10’ टीवी चैनल के भव्य सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।
हरिओम सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) सेवा संघ के प्रदेश महासचिव तथा ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ मोटर व्हीकल टेक्निकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (बेंगलुरु) के कोऑर्डिनेटर के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन और जनहित के प्रति समर्पण ने उन्हें प्रदेशभर में एक अलग पहचान दिलाई है।
सम्मान समारोह में नेटवर्क 10 टीवी चैनल के डायरेक्टर संजय गिरि, फिरोजाबाद के स्थानीय विधायक, ब्लॉक प्रमुख, प्रधान संगठन के अध्यक्ष सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने हरिओम सिंह की उल्लेखनीय सेवाओं और उपलब्धियों की सराहना की।
मूल रूप से अमरोहा जनपद के ग्राम आलमपुर कैच निवासी हरिओम सिंह इससे पूर्व भी अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों पर सम्मानित हो चुके हैं। उन्हें जाटव महासभा द्वारा ‘जाटव रत्न’ तथा अमरोहा प्रेस क्लब द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।
हरिओम सिंह के पिता स्वर्गीय बलवंत सिंह अपने समय के प्रतिष्ठित मिशनरी कार्यकर्ता एवं समाजसेवी थे। समाज सेवा और मानवीय मूल्यों की जो विरासत उन्होंने स्थापित की, उसी मार्ग पर चलते हुए हरिओम सिंह आज भी जनसेवा और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
‘अनमोल रत्न’ सम्मान मिलने की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव आलमपुर कैच पहुँची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की तथा हरिओम सिंह की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *