अहमदनगर (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के अहमदनगर शहर की ब्राह्मण गली में बकरीद के दिन मांस से भरा पैकेट फेंके जाने की घटना ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तेजी से तूल पकड़ लिया और विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए व्यापक जांच शुरू की। करीब दो सप्ताह तक चली पड़ताल के दौरान 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध महिला की पहचान स्वाती विक्रम भोसले के रूप में की।
पुलिस के अनुसार, स्वाती हिंदू समुदाय से संबंध रखती है और उसने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से बुर्का पहनकर इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक मंशा, क्या किसी अन्य व्यक्ति की भी इसमें भूमिका है और इसके अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के भ्रामक या भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचें, ताकि कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बना रहे।

