मुरादाबाद। शिव पार्क विकास समिति, रामगंगा विहार द्वारा भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट को जनहित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
समिति ने विवेकानंद हॉस्पिटल से वेब ग्रीन 24 मीटर रोड तक की अत्यंत जर्जर एवं दुर्घटनाओं का कारण बन रही सड़क की मरम्मत कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। इस कार्य को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन तथा उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न स्तरों पर लगातार प्रयास करने के लिए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मनोज कुमार गुप्ता हमेशा जनहित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेते हैं और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सकारात्मक सोच अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि उन्हें जनसेवा और जनहित के कार्य करने में सदैव आनंद की अनुभूति होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी वह जनता के हितों से जुड़े कार्यों के लिए इसी समर्पण के साथ आगे बढ़कर प्रयास करते रहेंगे।
इस अवसर पर ज्योति सूद, अलका रस्तोगी, मीनाक्षी गुप्ता, प्रेमलता शर्मा, अरविंद जौहरी, संजीव अग्रवाल, दर्शन खन्ना, संदीप खन्ना, कृष्ण मुरारी शर्मा, अजय सिंह, हर्षित गुप्ता, नवनीत गुप्ता, राजेंद्र सैनी, हरीश गुप्ता, ठाकुर जगवीर सिंह, अजीत गुप्ता, रामवतार शर्मा, योगेश मित्तल, मधु अग्रवाल, शिवनाथ गुप्ता, अनीता अग्रवाल और सीमा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

