मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज गुप्ता एडवोकेट ने जिलाधिकारी मुरादाबाद से मुलाकात कर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एक लाभार्थी की गंभीर समस्या उनके समक्ष रखी।
उन्होंने बताया कि श्री बृजरतन पुत्र श्री सोराम, निवासी हरथला, निकट हाथी वाला मंदिर, हरथला सोनकपुर, मुरादाबाद को दिनांक 26 मार्च 2021 को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत भवन संख्या GF-052 आवंटित किया गया था।
बृजरतन दिव्यांग हैं तथा अनुसूचित जाति (जाटव) वर्ग से संबंधित हैं। उनके पास वैध दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी है। आरोप है कि उन्होंने आवंटित भवन की सभी 60 किस्तों का भुगतान कर दिया है और लगभग ₹2.41 लाख जमा करने के बावजूद आज तक उन्हें अपने आवंटित मकान का कब्जा नहीं मिल सका है।
बताया गया कि जब भी वह अपनी समस्या लेकर मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) पहुंचते हैं तो उन्हें एसडीएम कार्यालय भेज दिया जाता है, जबकि एसडीएम कार्यालय से उन्हें डूडा कार्यालय जाने की सलाह दी जाती है। पिछले पांच वर्षों से वह लगातार विभिन्न सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मुरादाबाद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांग एवं आर्थिक रूप से कमजोर लाभार्थी को शीघ्र उसके आवंटित भवन का कब्जा दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस मामले ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

