• Tue. Feb 10th, 2026

ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई, 7 वाहन सीज, 4 लाख जुर्माना वसूला


उत्तर प्रदेश शासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान बजरी, बजरपुट और गिट्टी के खनन में इस्तेमाल हो रहे कुल 7 ओवरलोड वाहनों को कार्रवाई करते हुए थाना बिसौली में सीज कर दिया गया।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई में संबंधित वाहन स्वामियों से करीब 4 लाख रुपये का जुर्माना वसूल कर सरकारी खजाने में जमा कराया गया। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल को मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने के मामले में भी सीज किया गया।
अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम बदायूं की एक अनुबंधित बस (संख्या यूपी 24 टी 1107) को भी पकड़ा गया, जिसकी बीमा और फिटनेस की अवधि समाप्त हो चुकी थी और वर्ष 2024 से टैक्स भी बकाया था। इस बस को परिवहन कार्यालय बदायूं में बंद कर दिया गया है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हरिओम ने बताया कि यदि कोई भी वाहन बिना बीमा और फिटनेस के संचालित पाया गया तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ओवरलोड वाहनों के खिलाफ भी इसी तरह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *