• Sun. Mar 29th, 2026

सलाखों के पीछे जन्मा प्यार, अब कानून की निगरानी में बंधन


राजस्थान जेल में शुरू हुई लव स्टोरी पहुंची शादी के मंडप तक, दो उम्रकैदियों को मिली पैरोल
जयपुर/अलवर। राजस्थान की जेल से एक बेहद चौंकाने वाली और विवादित प्रेम कहानी सामने आई है। अलग–अलग हत्याओं के मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहे प्रिया सेठ और हनुमान प्रसाद की लव स्टोरी अब शादी तक पहुंच गई है। दोनों की मुलाकात जयपुर की सांगानेर ओपन जेल में हुई थी, जहां धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई।
राजस्थान हाई कोर्ट ने दोनों को शादी के लिए 15 दिन की इमरजेंसी पैरोल मंजूर की है। इसी के तहत दोनों अलवर जिले के बरोदामेव में शादी करने जा रहे हैं। इस खबर के सामने आते ही पूरे प्रदेश में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
हनुमान प्रसाद पर पांच लोगों की हत्या का दोष सिद्ध हो चुका है। वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर उसके पति बनवारी लाल की हत्या का आरोपी है। इतना ही नहीं, अपराध छिपाने के लिए उसने चार मासूम बच्चों और एक युवक की भी बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस जघन्य अपराध के लिए वह उम्रकैद की सजा काट रहा है।
वहीं, प्रिया सेठ को भी 2018 के एक सनसनीखेज हत्या और अपहरण मामले में दोषी ठहराया गया था। उस पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी दीक्षांत कामरा और उसके दोस्त लक्ष्य वालिया के साथ मिलकर एक युवक का अपहरण किया और फिरौती वसूली के बाद उसकी हत्या कर दी। युवक की लाश सूटकेस में भरकर आमेर की पहाड़ियों में फेंक दी गई थी, जहां से अगले दिन पुलिस ने उसे बरामद किया था।
अब, इतने गंभीर अपराधों के दोषियों की शादी को लेकर समाज में तीखी बहस छिड़ गई है। एक ओर कानून उन्हें पैरोल के तहत शादी की अनुमति देता है, वहीं दूसरी ओर उनके जघन्य अपराध लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर रहे हैं।
फिलहाल, जेल की सलाखों के पीछे शुरू हुई यह प्रेम कहानी कानून की निगरानी में विवाह के बंधन तक पहुंच चुकी है, जो अपने आप में बेहद असामान्य और चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *