• Thu. May 14th, 2026

बदायूं में स्कूली वाहनों की सघन जांच, सुरक्षा मानकों पर सख्ती

बदायूं। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) श्री हरिओम के नेतृत्व में बदायूं जनपद में स्कूली वाहनों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले भर में चल रहे स्कूल बसों, वैन और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के वाहनों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, ड्राइवर के लाइसेंस, वाहन में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे, फायर एक्सटिंग्विशर, स्पीड गवर्नर, आपातकालीन द्वार और फर्स्ट एड बॉक्स जैसी जरूरी व्यवस्थाओं की पड़ताल की गई। इसके साथ ही यह भी देखा गया कि वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों को तो नहीं बैठाया जा रहा है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री हरिओम ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ चालान और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है, वहीं अभिभावकों ने परिवहन विभाग की इस पहल की सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि बच्चों की सुरक्षित और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *