कॉफी में नशीली दवा देकर पति पर चाकू से हमला करने का आरोप, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति-पत्नी के बीच विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति द्वारा दूसरे युवकों से पत्नी की बातचीत का विरोध करने पर पत्नी ने उसे कॉफी में नशीली दवा मिलाकर पिला दी। पति के बेहोश होने के बाद उस पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी पत्नी मौके से फरार हो गई। गंभीर हालत में युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने के लिए उपचार कर रहे हैं। विरोध करने पर हमले का आरोप जानकारी के अनुसार, लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी युवक कपड़ों पर प्रिंटिंग का काम करता है। करीब पांच वर्ष पहले उसकी शादी तारापुरी निवासी युवती से हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं है। युवक अपनी मां के साथ एक कमरे के मकान में रहता है। बताया गया है कि दो दिन पहले उसकी बहन अपने छह बच्चों के साथ मायके आई हुई थी। युवक की बहन के मुताबिक, उसकी भाभी कथित तौर पर कई युवकों से फोन पर बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर भाई और भाभी के बीच अक्सर विवाद होता था। बुधवार रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। बेहोश होने के बाद चाकू से हमला पीड़ित युवक के अनुसार, रात में उसकी पत्नी ने उसे कॉफी पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। आरोप है कि इसी दौरान पत्नी ने चाकू से उसके प्राइवेट पार्ट पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां और बहन मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आरोपी पत्नी घर से फरार हो चुकी थी। परिजनों ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया और घायल युवक को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर बचाई जान अस्पताल में डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर युवक का रक्तस्राव रोकने का प्रयास किया। उसके गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त अंग को जोड़ने के लिए भी चिकित्सकीय प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी पत्नी की तलाश घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार देर रात पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और मामले की जानकारी ली। पीड़ित युवक की ओर से पत्नी के खिलाफ नामजद तहरीर दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी पत्नी की तलाश में जुटी है। फिलहाल, घटना के सभी पहलुओं की पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।