• Fri. Oct 2nd, 2026

गांधी जयंती पर स्वच्छता का संदेश, हिमगिरी कॉलोनी पार्क में चला सफाई अभियान


मुरादाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने हिमगिरी कॉलोनी स्थित पार्क में क्षेत्रीय नागरिकों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने पार्क एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि महात्मा गांधी ने हमेशा देशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज और विकास की आधारशिला है। गांधी जी के विचार और दर्शन आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी गांवों के विकास को विशेष महत्व देते थे। आज भी देश के सर्वांगीण विकास के लिए गांवों का विकास आवश्यक है। जब तक गांवों का विकास नहीं होगा, तब तक देश का पूर्ण विकास संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखेंगे, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाएंगे तथा कूड़े को निर्धारित स्थान पर ही डालेंगे।
स्वच्छता अभियान में कपिल राजपूत, कौशल सैनी, जतिन गुप्ता, अनमोल शर्मा, विकास कुमार, पुलकित शर्मा, अनिल कुमार, श्याम कुमार सहित क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *