छात्र की पहचान उजागर कराने के लिए करीब एक हजार बच्चों के सामने घुमाने और मजाक उड़वाने का आरोप, न्याय के लिए DIG ने खुद दर्ज कराई शिकायत।
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के दिल्ली पब्लिक स्कूल में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के परिवार से जुड़े बच्चे के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि DIG देवरंजन वर्मा के 8 वर्षीय बेटे के साथ स्कूल के एक सीनियर छात्र ने अभद्रता करते हुए मारपीट की।
मामले ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब आरोप लगाया गया कि आरोपी छात्र की पहचान कराने के नाम पर स्कूल प्रबंधन ने मासूम बच्चे को करीब एक हजार विद्यार्थियों के सामने घुमाया। इस दौरान अन्य छात्रों द्वारा उसका मजाक उड़ाए जाने की भी बात सामने आई है।
अपने बेटे के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार और स्कूल प्रबंधन के रवैये से आहत DIG देवरंजन वर्मा ने मामले में सख्त कदम उठाते हुए PGI थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने स्कूल की प्रिंसिपल, काउंसलर और एक शिक्षक समेत संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
अब इस मामले में पुलिस जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि घटना में किसकी क्या भूमिका रही और स्कूल प्रबंधन की ओर से निर्धारित नियमों एवं बच्चों की गरिमा का कितना पालन किया गया।

