गांधी जयंती पर खादी और स्वदेशी के संकल्प को मुख्यमंत्री योगी ने दी मजबूती लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को हजरतगंज स्थित क्षेत्रीय श्री गांधी आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चरखा चलाकर महात्मा गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के संदेश को स्मरण किया। इसके साथ ही उन्होंने खादी का वस्त्र खरीदकर स्थानीय उत्पादों एवं कारीगरों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि स्वदेशी, श्रम, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा आंदोलन है। खादी एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से कारीगरों और बुनकरों की मेहनत को सम्मान मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी मजबूत होते हैं। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्राथमिकता देने का संदेश प्रमुखता से सामने आया।