• Wed. Nov 4th, 2026

हेलमेट और सीट बेल्ट अपनाएं, सुरक्षित सफर का संकल्प दोहराएं; यातायात नियमों के पालन से ही सड़क हादसों पर लगेगा अंकुश।

मुरादाबाद में यातायात माह का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकालकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

मुरादाबाद। सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में यातायात माह (नवंबर) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस उपमहानिरीक्षक मुनिराज जी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, गणमान्य नागरिकों और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए वाहन चलाते समय सतर्कता और जिम्मेदारी बेहद जरूरी है। यातायात माह के शुभारंभ के अवसर पर शहर में विशाल जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

संदेश: यातायात नियमों का पालन केवल कानून का सम्मान नहीं, बल्कि अपने और दूसरों के जीवन की सुरक्षा का संकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *