अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों से मजबूत होगी पुलिस की निगरानी और त्वरित कार्रवाई की क्षमता लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जन-सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित 87 इंटरसेप्टर वाहनों के फ्लैग ऑफ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इनमें 25 चारपहिया और 62 दोपहिया वाहन शामिल हैं। इन आधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से पुलिस की निगरानी, गश्त और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को और प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस के आधुनिकीकरण और जनसुरक्षा से जुड़े प्रयासों पर जोर दिया।
इस अवसर पर पुलिस सुधारों पर आधारित पुस्तक ‘संघर्ष’ का विमोचन भी किया गया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस के कार्मिकों को उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए ‘वीरता पदक’ से अलंकृत किया गया। कार्यक्रम को पुलिस व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा आमजन की सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।