• Sun. Sep 6th, 2026

देरी से स्कूल पहुंची छात्रा को ‘मुर्गा’ बनाने पर भड़का पिता, प्रिंसिपल को पीटा और शर्ट फाड़ी

गोरखपुर। गोला क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय खिरकिटा दुबे में कक्षा-6 की छात्रा को स्कूल देर से पहुंचने पर सजा देना प्रिंसिपल को भारी पड़ गया। आरोप है कि छात्रा को कुछ देर के लिए ‘मुर्गा’ बनाए जाने की जानकारी मिलने पर उसके पिता ने स्कूल पहुंचकर प्रिंसिपल से मारपीट की, थप्पड़ मारे और उनकी शर्ट फाड़ दी। इतना ही नहीं, दोबारा बेटी को सजा देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

घटना 1 सितंबर की बताई जा रही है। जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित इस विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार (56) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सुबह कक्षा-6 की एक छात्रा स्कूल देर से पहुंची थी। अनुशासन बनाए रखने के लिए उसे कुछ देर ‘मुर्गा’ बनाया गया था। छुट्टी के बाद छात्रा ने घर जाकर अपने पिता दिलीप कुमार को पूरी बात बता दी।

आरोप है कि दिलीप कुमार स्कूल से प्रिंसिपल के निकलने से पहले ही वहां पहुंच गया। उसने बेटी को सजा देने का कारण पूछा। प्रिंसिपल द्वारा कारण बताए जाने के बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि देखते ही देखते दिलीप ने प्रिंसिपल के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने स्टाफ के सामने उन्हें थप्पड़ मारे और शर्ट फाड़ दी। इस दौरान स्कूल में तोड़फोड़ कर सरकारी सामान को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

शोर सुनकर स्कूल के अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे और किसी तरह प्रिंसिपल को आरोपी से बचाया। शिक्षकों ने आरोपी को समझाकर मामला शांत कराया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

3 सितंबर को प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार ने गोला थाने में आरोपी पिता के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए भविष्य में दोबारा ऐसी घटना होने की आशंका भी जताई है।

बताया जा रहा है कि दिलीप कुमार पेंट-पॉलिश का काम करता है। इससे पहले भी स्कूल में ठेका लेने को लेकर उसका विवाद हुआ था। गोला थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रप्रकाश पांडेय के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वह फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *