कबूतर के साथ पाकिस्तानी करेंसी मिलने की शुरुआती जानकारी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट—इलाके में निगरानी बढ़ाई गई
सांबा (जम्मू-कश्मीर)। जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में एक संदिग्ध कबूतर मिलने का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कबूतर के पैर में एक अंगूठी मिली है। इसके साथ उर्दू में लिखा एक संदिग्ध नोट और पाकिस्तानी करेंसी मिलने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद संबंधित इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां कबूतर के पैर में मिली अंगूठी, नोट पर लिखे संदेश और पाकिस्तानी करेंसी की जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनका संबंध किसी संदिग्ध गतिविधि से है या नहीं।
फिलहाल, इस मामले में कबूतर के जरिए किसी जासूसी या अन्य गतिविधि को अंजाम दिए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।