गंगापुरसिटी/सवाई माधोपुर। राजस्थान में मानसून के उग्र रूप के बीच गंगापुरसिटी के कुशालगढ़ स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में शनिवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंगला आरती के दौरान मंदिर के ऊपरी हिस्से यानी गुंबद पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मंदिर में मंगला आरती की तैयारियां चल रही थीं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मौजूद थे। इसी दौरान तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली मंदिर के गुंबद पर आ गिरी। बिजली गिरने से जोरदार धमाका हुआ और पूरा मंदिर परिसर दहल उठा।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से आरती कर रहे पुजारी और कतार में खड़े श्रद्धालु सहम गए। कुछ देर के लिए मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और श्रद्धालु अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना के बीच सबसे बड़ी राहत यह रही कि श्रद्धालुओं में बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। हालांकि, आकाशीय बिजली गिरने की इस घटना ने वहां मौजूद लोगों को बुरी तरह डरा दिया।
मौसम विभाग की ओर से क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बीच हुई इस घटना ने बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर एक बार फिर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।

