• Sat. Sep 5th, 2026

खानपुर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, झांकियों ने मोहा मन


मुरादाबाद। योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल, जिला मुरादाबाद के तत्वावधान में खानपुर कस्बे में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आकर्षक झांकियों और धार्मिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, रुक्मणी, राधा रानी, सुदामा, गोपियां, कंस, शिशुपाल और मटकी फोड़ सहित विभिन्न सजीव झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग महामंत्री गौरव सैनी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण केवल बांसुरी बजाने वाले नहीं, बल्कि अधर्म के विरुद्ध संघर्ष और धर्म की स्थापना का संदेश देने वाले महान योद्धा भी थे। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने अपने जीवन के माध्यम से समाज को अन्याय के सामने झुकने के बजाय उसका डटकर मुकाबला करने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के विभिन्न प्रसंग हमें साहस, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। पूतना, बकासुर और तृणावर्त जैसे असुरों का अंत करने से लेकर कालिया नाग के आतंक से वृंदावनवासियों को मुक्त कराने और अंततः अत्याचारी कंस का वध करने तक, उनका जीवन अधर्म के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है।
गौरव सैनी ने कहा कि समाज में भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप को लेकर कई भ्रांतियां हैं। आवश्यकता है कि नई पीढ़ी उनके योगेश्वर एवं योद्धा स्वरूप को भी जाने और उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अन्याय के खिलाफ खड़े होने का संकल्प ले।
शोभायात्रा में राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला महामंत्री अमन सैनी, जिला उपाध्यक्ष ललित कुमार, जिला मंत्री संदीप, राहुल, सौरभ, उदय, विवेक, बांसू, मीनू, प्राची, अमित, रघुवीर, प्रशांत सहित खानपुर कस्बे के सम्मानित व्यक्ति डॉ. चंद्र किशोर, राजीव, टिंकू, विपिन, भारत, आकाश, मनोज, देशराज, मुकेश, मानसिंह, गुड्डू, सुभाष, कृष्णपाल, रामपाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *