मां की लाश के पास बिलखती रही मासूम, बेबस पति जमीन पर बैठा रहा; पैसे के अभाव में घंटों नहीं मिली एंबुलेंस
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में मानवता को झकझोर देने वाला दृश्य सामने आया। पत्नी की मौत के बाद एक बेबस पति उसके शव को स्ट्रेचर पर लेकर घंटों एंबुलेंस का इंतजार करता रहा। जेब में इतने पैसे नहीं थे कि निजी एंबुलेंस कर शव को घर ले जा सके।
वहीं करीब 8 साल की मासूम बच्ची अपनी मां के शव के पास बैठकर रोती रही, जबकि पति बेबसी से जमीन पर बैठा मदद का इंतजार करता रहा। मां की मौत का दर्द और पिता की मजबूरी का यह दृश्य जिसने भी देखा, उसका दिल दहल उठा।
बताया गया कि काफी देर तक परिवार को मदद नहीं मिली। इसी दौरान एक सिपाही की नजर इस मार्मिक दृश्य पर पड़ी। उसने तत्काल पहल करते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था कराई, जिसके बाद महिला का शव उसके घर भेजा जा सका।
यह घटना सिर्फ एक परिवार की मजबूरी की कहानी नहीं, बल्कि उस व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है, जहां गरीबी के कारण किसी परिवार को अपने ही प्रियजन के शव को घर ले जाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़े।

