गोरखपुर में खौफनाक मामला: हनीमून के दौरान महिला से मारपीट और गला दबाने की कोशिश, दहेज के लिए घर से निकाला
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. शादी के तुरंत बाद हनीमून पर गई एक नवविवाहिता के साथ उसके पति ने सिर्फ इसलिए बर्बरता की, क्योंकि उसे वहां माहवारी (पीरियड्स) आ गए थे. पीड़ित महिला का आरोप है कि पति ने इस बात से नाराज होकर उसे थप्पड़, लात और घूंसों से बेरहमी से पीटा और उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया.
महिला के मुताबिक, यह घटना अंडमान-निकोबार में हनीमून के दौरान घटी. उसकी चीख-पुकार सुनकर होटल के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर उसे पति के चंगुल से छुड़ाया.
20 लाख नकद और कार देने के बाद भी प्रताड़ना
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी में परिजनों ने अपनी हैसियत से बढ़कर करीब 20 लाख रुपये नकद, एक कार और लाखों रुपये का सामान दिया था. इसके बावजूद शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज को लेकर उसे ताने मारते थे और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे. शादी के करीब डेढ़ महीने बाद ससुराल वालों ने उसे जबरन घर से बाहर निकाल दिया.
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर रामगढ़ताल थाना पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने आरोपी पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडे के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे.

