भाजपा रामगंगा विहार मंडल की भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा राष्ट्रप्रेम, मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने राष्ट्रहित और स्वच्छता को बताया नागरिक धर्म
भारतीय जनता पार्टी रामगंगा विहार मंडल द्वारा आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा सोनकपुर स्टेडियम से प्रारंभ होकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः सोनकपुर स्टेडियम पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान तिरंगे की आन, बान और शान के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश गूंजता रहा।
इस अवसर पर भाजपा मुरादाबाद महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष श्री मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे।
उन्होंने स्वच्छता का संकल्प दिलाते हुए कहा कि नालियों और नालों में कूड़ा न डालना जैसी छोटी-छोटी जिम्मेदारियां मुरादाबाद को जलभराव और गंदगी की समस्या से मुक्त कराने में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं।
तिरंगा केवल ध्वज नहीं, देश के गौरव, त्याग, एकता और राष्ट्रभक्ति की पहचान है।
यात्रा में धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, सुरेंद्र बिश्नोई, अजय वर्मा, विजय वर्मा, नीरज शर्मा, शशि किरण, राजीव गुप्ता, विपिन प्रजापति, मयंक कश्यप, अनुज शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं राष्ट्रभक्त मौजूद रहे।

