• Tue. Aug 11th, 2026

भंडारा केवल भोजन नहीं, सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश: मनोज कुमार गुप्ता


श्रीमद्भागवत कथा के विश्राम उपरांत श्री अन्नपूर्णा मंदिर में आयोजित भंडारे में पहुंचे भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष, श्रद्धालुओं को वितरित किया प्रसाद
मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने मुरादाबाद महानगर के साहू मोहल्ला स्थित सुप्रसिद्ध श्री अन्नपूर्णा मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा के विश्राम उपरांत आयोजित भंडारा कार्यक्रम में सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर सभी से प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि सनातन धर्म में भंडारे की परंपरा केवल भोजन कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सेवा, सामाजिक समरसता, आत्मीयता और भाईचारे का प्रतीक है। भंडारे में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं, जिससे आपसी भेदभाव कम होता है और प्रेम एवं सद्भाव की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि आज के भौतिकवादी दौर में समाज को आपसी प्रेम, सद्भाव और समरसता की पहले से कहीं अधिक आवश्यकता है। धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और समाज में व्याप्त कटुता को दूर करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकते हैं।
मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि देश के भीतर और बाहर अनेक विभाजनकारी शक्तियां समाज और राष्ट्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह आपसी एकता, सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के साथ-साथ सनातन संस्कृति एवं भारतीय मूल्यों की रक्षा के लिए समाज को संगठित होकर कार्य करना होगा। सेवा और समर्पण की भावना से आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *