“आस्था की राह पर सुरक्षा का पहरा, कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद”
मुरादाबाद। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक, मुरादाबाद परिक्षेत्र, मुरादाबाद एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी में कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यात्रा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए पुलिस स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
पुलिस प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने का संदेश दिया।

