• Wed. Jul 22nd, 2026

11 शिकायतों की सुनवाई, 5 का मौके पर निस्तारण; अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश


मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती संगीता जैन ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में महिला उत्पीड़न एवं महिला हितों से जुड़े मामलों की जनसुनवाई करते हुए पीड़ित महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 11 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को आवश्यक जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
इस अवसर पर श्रीमती संगीता जैन ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग महिलाओं के उत्पीड़न की रोकथाम और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। यदि किसी महिला के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या उत्पीड़न होता है तो उसकी शिकायत पर तत्काल सुनवाई कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं को छिपाने के बजाय निर्भीक होकर सामने रखें। राज्य महिला आयोग प्रत्येक शिकायत के समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के लिए सदैव तत्पर है।
जनसुनवाई में नगर मजिस्ट्रेट युवराज श्रीवास्तव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस, महिला थाना प्रभारी, मझोला थाना प्रभारी, अधीक्षक कारागार, शिक्षा विभाग के अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक गुंजन तिवारी, मनोसामाजिक काउंसलर तनिषा दिवाकर, हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर रेनू आर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *