“आस्था के साथ अब पारदर्शिता भी—मां मनसा देवी मंदिर में दान व्यवस्था होगी पूरी तरह जवाबदेह।”
हरिद्वार। उत्तराखंड के प्रसिद्ध मां मनसा देवी मंदिर में दान और चढ़ावे की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से मंदिर ट्रस्ट ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब मंदिर में सेवा देने वाले सभी पुजारी बिना जेब वाले विशेष कुर्ते पहनेंगे, ताकि दान और चढ़ावे के संबंध में किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका समाप्त हो सके।
इसके साथ ही मंदिर में आने वाले दान और चढ़ावे की निगरानी के लिए 7 सदस्यीय पर्यवेक्षण समिति का गठन किया गया है। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने समिति के सभी सदस्यों को ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ दायित्व निभाने की शपथ दिलाई।
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दान व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं का विश्वास और अधिक मजबूत करना तथा मंदिर की दान प्रणाली को पूर्णतः पारदर्शी बनाना है।
मंदिर ट्रस्ट का मानना है कि यह पहल न केवल मंदिर प्रशासन में जवाबदेही बढ़ाएगी, बल्कि देशभर के अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बन सकती है।

