गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद के विकास क्षेत्र मुरादनगर स्थित कंपोजिट विद्यालय सुल्तानपुर में बुधवार, 1 जुलाई 2026 को शासन के निर्देशानुसार द्वितीय चरण (शैक्षिक सत्र 2026-27) स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया तथा अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने की अपील की गई।
रैली के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने “घर-घर शिक्षा दीप जलाओ, अपने बच्चे जरूर पढ़ाओ” तथा “शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो इसे पिएगा वही दहाड़ेगा” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। विशेष रूप से बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए ग्रामीणों को बताया गया कि एक शिक्षित बेटी पूरे परिवार और समाज के विकास की आधारशिला बनती है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय में छात्र-छात्राओं के नामांकन में वृद्धि, शैक्षिक गुणवत्ता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सहारनपुर से प्रसारित स्कूल चलो अभियान के लाइव कार्यक्रम का भी विद्यालय में टेलीविजन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को प्रसारण दिखाया गया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्रीमती कविता, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री मौमीन, एआरपी प्रीति त्यागी, मनोरमा, उपेक्षा संत, गीता देवी, रिचा सिंह, देवेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, राजीव शर्मा, ज्योति, मीनू सहित विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार ने उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा के इस जन अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से निरंतर सहयोग की अपील की।

