सम्भल। जनपद सम्भल में करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को खुर्द-बुर्द कर बेचने के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) राज कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
इस बहुचर्चित मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सम्भल कृष्ण कुमार विश्नोई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बताया कि विस्तृत जांच के दौरान सरकारी भूमि के अवैध हस्तांतरण एवं बिक्री से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर तत्कालीन ईओ राज कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन विवेचना जारी है। इस प्रकरण में जिन अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की हर कड़ी की जांच कर रही है ताकि सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान के जिम्मेदार सभी लोगों को कानून के दायरे में लाया जा सके।
इस कार्रवाई के बाद जनपद में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा, फर्जीवाड़ा और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

