बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बदौसा थाने में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। प्रेम विवाह के बाद प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी युवती की उसके ही पिता ने थाने परिसर में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बदौसा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का गांव के ही ललित कुमार वर्मा से प्रेम प्रसंग था। दोनों 18 मई को घर से भाग गए थे और एक मंदिर में विवाह कर लिया था। इसके बाद दोनों मध्य प्रदेश के बरौंधा क्षेत्र में रह रहे थे।
युवती के पिता सत्य कुमार ने बेटी के लापता होने की शिकायत पुलिस से की थी। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया और मामले के समाधान के लिए शुक्रवार को युवती तथा उसके माता-पिता को थाने बुलाया गया। थाने में समझौते को लेकर बातचीत चल रही थी, लेकिन युवती अपने प्रेमी के साथ रहने के फैसले पर अडिग रही।
बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर पिता सत्य कुमार ने अचानक चाकू निकाल लिया और बेटी के पेट में ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। घटना से वहां मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोग स्तब्ध रह गए। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी पिता को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर रिश्तों में बढ़ती कटुता और तथाकथित पारिवारिक सम्मान के नाम पर होने वाली हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

