नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जज के रीडर को कथित रूप से रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार आरोपी कोर्ट नंबर 178 में तैनात था और एक मामले में पक्षकार से काम कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद CBI ने जाल बिछाया और सुनियोजित ट्रैप के तहत आरोपी को मौके पर ही रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
CBI की कार्रवाई शुरू होते ही कोर्ट परिसर में सनसनी फैल गई। वकीलों, कोर्ट स्टाफ और आम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे परिसर में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
सूत्रों के मुताबिक, CBI ने आरोपी के पास से कथित रिश्वत की रकम भी बरामद की है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
CBI अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। न्यायिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने की दिशा में इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।

