• Sat. Apr 18th, 2026

चारधाम यात्रा 2026: हरिद्वार में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील


हरिद्वार: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार सुबह 8 बजे से हरिद्वार में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई। ऋषिकुल मैदान में बनाए गए रजिस्ट्रेशन सेंटर पर कुल 20 काउंटर स्थापित किए गए हैं, जिनमें विदेशी श्रद्धालुओं के लिए अलग से विशेष व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार अब तक 17 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।
चारधाम यात्रा की औपचारिक शुरुआत 19 अप्रैल से होगी, जबकि केदारनाथ मंदिर और बद्रीनाथ मंदिर के कपाट निर्धारित तिथियों पर बाद में खोले जाएंगे। रजिस्ट्रेशन के पहले दिन भीड़ अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा पर निकलने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *