वृंदावन में बड़ा हादसा: यमुना में पलटी श्रद्धालुओं से भरी नाव, 6 की मौत, कई लापता
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। केशी घाट पर यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर अचानक पलट गया, जिससे हड़कंप मच गया। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी चंद प्रकाश सिंह के अनुसार, हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। अब तक 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। मौके पर पुलिस, गोताखोरों की टीम जुटी हुई है, जबकि एनडीआरएफ और सेना की मदद भी ली जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्टीमर में करीब 30 श्रद्धालु सवार थे, जो पंजाब के लुधियाना से वृंदावन दर्शन के लिए आए थे। बताया जा रहा है कि स्टीमर पांटून पुल से टकराने के बाद असंतुलित होकर पलट गया।
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है और राहत कार्य जारी है।
यह हादसा एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है, जहां आस्था के बीच लापरवाही भारी पड़ गई है।

